मनमानी कार्यों के जरिए ठिकाने लगाई जा रही लघु बनोपज फंड की राशि
संचालक मंडल द्वारा नहीं किया गया है निर्माण कार्यों का प्रस्ताव– जिलाध्यक्ष
संजय सिंह मझौली
एक तरफ जहां राज्य शासन द्वारा तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए कई योजनाएं चालू कर उन्हें लाभान्वित किया जाता है वहीं ग्राम विकास के लिए राशि भी जारी की जाती है लेकिन राशि को वन विभाग द्वारा मनमानी तरीके से निर्माण कार्यों के जरिए ठिकाने लगाया जाता है और उपयोगिता विहीन एवं गुणवत्ताहीन निर्माण कार्यों को अंजाम दिया जाता है।
चमराडोल में निर्मित स्टाप डेम पर उठ रहे सवाल
हाल ही में वन परिक्षेत्र मझौली अंतर्गत बीट चमराडोल में नव निर्मित स्टाफ डेम को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जिस नाले में स्टाफ डैम का निर्माण हुआ है उससे महज 100 मीटर की दूरी पर बारहमासी बनास नदी बह रही है जहां पानी संरक्षण का कोई औचित्य ही नहीं है इसके साथ ही वीरान स्थान में निर्माण कार्य कराया गया है जहां उसकी उपयोगिता शून्य है इतना ही नहीं रोजगार को लेकर भी सवाल उठाया गया है कि पूरा निर्माण कार्य मशीनरी(मिलर)से कराया गया है ऐसे में रोजगार सृजन भी नहीं हुआ है।
गुणवत्ता पर भी सवाल
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया है कि निर्धारित मापदंड एवं प्राक्कलन के मुताबिक निर्माण कार्य नहीं कराया गया है वहीं पारदर्शिता को भी छुपाया गया है क्योंकि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद भी सूचना पटल में कोई जानकारी दर्ज नहीं की गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा निर्माण कार्य की उपयोगिता एवं गुणवत्ता की जांच जिला प्रशासन से किए जाने की मांग की है।
पीसीसी सड़क निर्माण में भी की गई मनमानी
बीट नौढ़िया एक माह पूर्व भुर्सीडोल पहुंच मार्ग में वन सीमा में पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया है जहां प्राक्कलन को दरकिनार कर गुणवत्ताविहीन कार्य कर वास्तविकता छुपाने के लिए नवनिर्मित सड़क में मिट्टी मुरूम की मोटी परत डाली गई है जबकि किसी भी पीसीसी सड़क में इस तरह मिट्टी नहीं डाली जाती है वहीं जिस स्थान में सड़क बनी है वहां कंकरीली एवं ढलान युक्त जमीन है जहां ना तो कीचड़ होता है और ना ही उस स्थान पर उसकी उपयोगिता थी फिर भी निर्माण कार्य के नाम पर लगभग 18 लाख से ऊपर की राशि ठिकाने लगाई गई है।उपरोक्त सड़क के गुणवत्ता एवं उपयोगिता को लेकर भी ग्रामीणों ने जांच कार्यवाही की मांग की है। मामले के संबंध में रेंजर एवं एसडीओ से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं की गई।
इनका कहना
मेरी तबीयत खराब है इसलिए कहीं नहीं गया हूं लोगों के द्वारा बताया गया है कि स्टाप डेम बनाया गया है।
कमलभान सिंह प्रबंधक तेंदूपत्ता फड़ चमराडोल
भुर्सीडोल पहुंच मार्ग में पीसीसी सड़क रेंजर द्वारा बनवाई गई है स्टीमेट उन्हीं के पास है बाकी हमें कोई जानकारी नहीं है।
राजेश्वर यादव प्रबंधक तेंदूपत्ता फड़ नौढ़िया
स्टॉप डैम निर्माण के संबंध में हमें कोई जानकारी नहीं है आप रेंजर से बात करिए उन्हीं के पास सारी जानकारी है।
रमेश कुमार विश्वकर्मा बीट गार्ड चमराडोल
अगर वनोपज समिति के बजट से स्टाफ डैम का निर्माण हुआ है तो हमें जानकारी मिलनी चाहिए लेकिन अभी तक हमारे पास कोई जानकारी नहीं है मैं भी पता लगाता हूं कि किस मद से और कहां निर्माण कार्य हुआ है।
संपत सिंह संचालक मंडल सदस्य जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित सीधी
भुर्सीडोल पहुंच मार्ग में पीसीसी सड़क बनी है लेकिन उसके भूमि पूजन अथवा कार्य शुभारंभ के समय ना तो जानकारी दी गई है और ना ही हमारे द्वारा प्रस्ताव किया गया है।अगर गुणवत्ता को लेकर ग्रामीण असंतुष्ट है तो उसकी जांच होनी चाहिए।
तरुण सिंह संचालक मंडल सदस्य जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित सीधी
तेंदूपत्ता संग्राहकों का पैसा ग्राम विकास के लिए आता है उसे उनके सुविधा और हित के अनुसार निर्माण कार्य में खर्च करना चाहिए।मनमानी और अनुपयोगी स्थान में किए गए निर्माण कार्य के संबंध में जांच की जाएगी और प्रबंधक संचालक को मामले के संबंध में प्रतिवेदन दिया जाएगा। उपरोक्त दोनों निर्माण कार्य के संबंध में ना तो संचालक मंडल से प्रस्ताव दिया गया है और ना ही वन विभाग द्वारा कोई जानकारी दी गई है। पीसीसी सड़क की शिकायत भी हमें मिली है और मेरे द्वारा स्थल का मुआयना भी किया गया है और जांच के लिए पत्र भी लिखा गया है।
पंकज सिंह अध्यक्ष जिला लघु वनोपज सहकारी संघ मर्यादित सीधी

