तालाब बना मौत का कुंड,भैंस चराने निकले दो मासूमों की डूबकर दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
एमपी के सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेबूहा में रविवार सुबह एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जहां तालाब में डूबने से दो मासूम किशोरों की जान चली गई। यह घटना सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच की बताई जा रही है, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
वही मिली जानकारी के अनुसार सिद्धांत साहू (उम्र 12 वर्ष), पिता सूर्यमणी साहू और सलेन्द्र साहू (उम्र 11 वर्ष), पिता अनिल साहू, रोज की तरह भैंस चराने के लिए घर से निकले थे। दोनों बच्चे गांव के ही तालाब के पास पहुंचे और भैंस को पानी पिलाने के दौरान खुद भी तालाब में उतर गए। इसी दौरान गहराई अधिक होने के कारण दोनों संतुलन खो बैठे और देखते ही देखते पानी में डूब गए।
वही जब काफी देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद तालाब में खोजबीन करने पर दोनों बच्चों के शव बरामद किए गए। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही मझौली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
अब यह हादसा न केवल दो परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि गांव के लिए भी एक बड़ा झटका है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की गहराई और सुरक्षा के अभाव के कारण पहले भी ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।
वही इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और खुले जलस्रोतों के आसपास सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

