खितौली जंगल में बाघों की दहाड़ के बाद मिला एक बाघ का शव, संघर्ष में मौत की आशंका
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत खितौली परिक्षेत्र के पश्चिम बगदरी बीट से एक बड़ी वन्यजीव घटना सामने आई है। ढमढमा कैंप क्षेत्र में गश्ती के दौरान वन विभाग को एक बाघ मृत अवस्था में मिला है। प्रारंभिक जांच में बाघ की मौत आपसी संघर्ष में होना माना जा रहा है। घटना के बाद वन विभाग ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ढमढमा कैंप में तैनात सुरक्षा श्रमिकों ने देर रात जंगल के भीतर से बाघों की तेज गर्जना और लड़ाई जैसी आवाजें सुनीं। लगातार आती आवाजों के बाद कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र में सघन छानबीन शुरू की गई।
तलाशी के दौरान जंगल के भीतर एक बाघ मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक परीक्षण किया। जांच के दौरान बाघ के शरीर पर गंभीर चोटों और हमले के निशान पाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला बाघों के बीच आपसी संघर्ष का प्रतीत हो रहा है।
वन विभाग के अनुसार मृत बाघ के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार या अवैध तस्करी की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। इसके बावजूद हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। घटना स्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है ताकि किसी भी प्रकार के साक्ष्य प्रभावित न हों।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथी गश्ती दल, डॉग स्क्वाड और मेटल डिटेक्टर टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। वन अमला आसपास के जंगल क्षेत्र में संघर्ष के अन्य संकेतों और गतिविधियों की तलाश कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण National Tiger Conservation Authority की गाइडलाइन और एसओपी के तहत की जा रही है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर बाघों के बीच संघर्ष की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। जंगल में अपना इलाका और दबदबा बनाए रखने के लिए बाघ अक्सर आमने-सामने आ जाते हैं। फिलहाल वन विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।


