तेंदूपत्ता संग्रह के दौरान बाघ का हमला, बांधवगढ़ के मानपुर बफर में युवक घायल
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत मानपुर बफर क्षेत्र में मंगलवार सुबह बाघ के हमले से एक युवक घायल हो गया। घटना दुलहरा गांव से सटे जंगल की है, जहां तेंदूपत्ता संग्रह करने गए युवक पर अचानक टाइगर ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार दुलहरा निवासी धर्मेंद्र बैगा (33 वर्ष) सुबह करीब 5 बजे जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गया था। इसी दौरान जंगल में मौजूद टाइगर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर और पीठ में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक की चीख-पुकार सुन आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के शोर मचाने पर टाइगर जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए मानपुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मामले में प्रभारी रेंजर अंजू वर्मा ने बताया कि युवक तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गया हुआ था, जहां बाघ ने हमला कर दिया। हमले में युवक को सिर और पीठ में चोट आई है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद वन विभाग ने जंगल से लगे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को अकेले जंगल में न जाने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं लगातार हो रही वन्यजीव गतिविधियों से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है।


