जंगल में गूंजी तेज गर्जना, पलभर में उजड़ गया परिवार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र की अमरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पलझा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव निवासी 55 वर्षीय मुन्ना बर्मन पिता टीणू बर्मन की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मुन्ना बर्मन रोज की तरह अपनी बकरियों को चराने जंगल की ओर गए थे। दोपहर के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बादलों की गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। बताया गया कि जैसे ही मुन्ना बरुआ नाला के पास पहुंचे, उसी दौरान तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली सीधे उनके ऊपर गिरी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय आसपास मौजूद ग्रामीण तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर मुन्ना बर्मन जमीन पर पड़े मिले। उनके पास मौजूद एक बकरी भी बिजली की चपेट में आकर मर चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही अमरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक मुन्ना बर्मन मेहनत मजदूरी और पशुपालन के जरिए परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।


