पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो, 60 किलो गांजा छोड़ भागे तस्कर, पुलिस जांच में जुटी
उमरिया तपस गुप्ता
जिले के चिल्हारी-बरदौहा मार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए एक सड़क हादसे ने बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क की आशंका को जन्म दे दिया। सुबह तक यह मामला केवल दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे पुलिया के पास एक स्कॉर्पियो वाहन को लिप्टिस के पेड़ से टकराई हालत में देखा। वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त था और आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। हादसा देर रात करीब 3 बजे का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अमरपुर चौकी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो के भीतर से आधे क्विंटल से अधिक अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। सूत्रों के अनुसार वाहन से करीब 60 किलो से ज्यादा गांजा मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे के तुरंत बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए थे। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि वाहन में सवार लोग किसी संगठित अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस को मौके पर मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नम्बर HR 51 CD 1948 बताया जा रहा है, जो हरियाणा पासिंग का है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वाहन पर लगी नम्बर प्लेट असली है या फर्जी। अधिकारियों का मानना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में अक्सर फर्जी नम्बर प्लेट और चोरी के वाहनों का इस्तेमाल किया जाता है ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तेज रफ्तार में जा रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई होगी। हादसा इतना जोरदार था कि वाहन के कई हिस्से बुरी तरह टूट गए।
फिलहाल पुलिस ने गांजा और वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले को अंतरराज्यीय तस्करी से जोड़कर जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह सप्लाई किया जाना था। फरार तस्करों की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।


