सूना घर देख चोरों ने बोला धावा, जेवर और 20 हजार नकद लेकर फरार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सेहराटोला गांव में चोरी की वारदात ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अज्ञात चोरों ने एक बुजुर्ग महिला के सूने घर में घुसकर नगदी और जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेहराटोला निवासी जुगुंती बाई सिंह गोंड सुबह तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई थीं। घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में दाखिल हुए और घर के अंदर रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। चोर घर से चांदी का कर्धन, सोने का चार गुरिया लोकेट और लगभग 20 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए।
शाम के समय जब महिला वापस अपने घर पहुंची तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जेवर और नगदी गायब देखकर महिला घबरा गई और पड़ोसियों को जानकारी दी। इसके बाद मामले की सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि महिला जंगल गई हुई थी और घर खाली था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है तथा जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


