क्या दिल्ली दरबार में कमजोर पड़ गईं सांसद हिमाद्री सिंह, बिरसिंहपुर पाली में ट्रेन स्टॉपेज आज भी अधूरा सपना
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
शहडोल संसदीय क्षेत्र की भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई बड़ी उपलब्धि नहीं बल्कि उनकी अनदेखी मानी जा रही मांग है। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231/15232) के बिरसिंहपुर पाली स्टेशन पर ठहराव को लेकर क्षेत्र की जनता लंबे समय से संघर्ष कर रही है। नागरिकों ने कई बार रेलवे विभाग को ज्ञापन सौंपे, स्थानीय स्तर पर मांग उठी और फिर सांसद हिमाद्री सिंह ने भी खुद 12 दिसंबर 2025 को दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र सौंपा। बावजूद इसके आज तक ट्रेन का स्टॉपेज शुरू नहीं हो सका।
अब सवाल सिर्फ ट्रेन के ठहराव का नहीं, बल्कि सांसद की राजनीतिक पकड़ और प्रभाव का भी उठने लगा है। क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई है कि जब भाजपा की सरकार राज्य से लेकर केंद्र तक सत्ता में है और सांसद भी उसी पार्टी से हैं, तब उनकी मांग आखिर क्यों ठंडे बस्ते में डाल दी गई। लोगों के बीच यह संदेश जा रहा है कि सांसद की बात को दिल्ली में गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जानकी मिश्रा ने इस मुद्दे पर भाजपा और सांसद हिमाद्री सिंह को घेरते हुए तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सांसद द्वारा दिया गया मांग पत्र शायद रद्दी की टोकरी में डाल दिया गया। उनका कहना है कि जब सत्ताधारी दल की सांसद की मांगों की ही अनदेखी हो रही है, तो आम जनता की समस्याओं का क्या हाल होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
दरअसल बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र के लोगों की यह मांग कोई राजनीतिक दिखावा नहीं बल्कि जरूरत से जुड़ा मुद्दा है। इस ट्रेन के ठहराव से छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे सफर के लिए लोगों को दूसरे स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई मरीजों को इलाज के लिए बाहर जाना होता है, छात्राओं को शिक्षा के लिए यात्रा करनी पड़ती है और व्यापारियों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सांसद द्वारा मांग उठाने के बावजूद कोई ठोस परिणाम सामने न आना लोगों में नाराजगी बढ़ा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर सांसद हिमाद्री सिंह की बात दिल्ली में क्यों नहीं सुनी जा रहीl क्या केंद्र सरकार के मंत्री उन्हें गंभीरता से नहीं लेतेl या फिर शहडोल संसदीय क्षेत्र की आवाज सत्ता के गलियारों तक पहुंच ही नहीं पा रहीl क्षेत्र में अब यह चर्चा आम हो गई है कि सांसद सिर्फ पत्राचार तक सीमित रह गई हैं और उनकी मांगों का जमीन पर असर दिखाई नहीं देता।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसी भी सांसद की असली ताकत उसकी मांगों के पूरा होने से दिखाई देती है। लेकिन बिरसिंहपुर पाली में बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस का स्टॉपेज आज भी अधूरा है, जिससे विपक्ष को भाजपा सांसद पर हमला करने का बड़ा मौका मिल गया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि सांसद हिमाद्री सिंह इस मुद्दे पर सिर्फ पत्रों तक सीमित रहती हैं या फिर जनता को ट्रेन स्टॉपेज की सौगात दिलाकर अपनी राजनीतिक प्रभावशीलता साबित कर पाती हैं।


