---Advertisement---

किडनैपिंग वीडियो बना मौत का जाल, दो नाबालिगों ने की दोस्त की हत्या

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

किडनैपिंग वीडियो बना मौत का जाल, दो नाबालिगों ने की दोस्त की हत्या

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के मानपुर में हुए 15 वर्षीय किशोर हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस दोस्त के साथ किशोर घूमता-फिरता था, उसी ने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर मामले का पर्दाफाश कर दिया है।

घूमने आया था रिश्तेदारों के घर

जानकारी के अनुसार मृतक किशोर कटनी जिले के विजयराघवगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था और कुछ दिन पहले मानपुर अपने रिश्तेदारों के यहां घूमने आया था। 14 मई की शाम वह बाजार से सामान लेकर घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद अचानक कहीं चला गया। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन बंद मिलने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और अगले दिन थाना मानपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

जंगल में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

गुमशुदगी की जांच चल ही रही थी कि 17 मई को सगमनिहा जंगल के सिगुड़ी क्षेत्र में एक किशोर का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान लापता किशोर के रूप में हुई। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी।

मोबाइल और दोस्ती ने खोला हत्या का राज

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल कॉल डिटेल खंगालना शुरू किया। जांच में सामने आया कि घटना से पहले किशोर लगातार अपने एक दोस्त के संपर्क में था। पुलिस ने संदेह के आधार पर उस बालक से पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।

लड़की से बातचीत बनी हत्या की वजह

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक उसकी दोस्त से बातचीत करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। आरोपी ने बदला लेने के लिए अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। दोनों ने किशोर को रील और वीडियो शूट करने के बहाने जंगल बुलाया।

किडनैपिंग वीडियो के नाम पर बांधे हाथ-पैर

जंगल पहुंचने के बाद आरोपियों ने किशोर से कहा कि वे किडनैपिंग सीन वाला वीडियो बनाएंगे। इसी बहाने उसके हाथ और मुंह को टेप से बांध दिया गया। जब किशोर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपियों ने चाकू से उसके गले और सीने पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत

मानपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में ले लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, टेप, मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस अब मामले की अन्य पहलुओं से भी जांच कर रही है।

टीमवर्क से मिली सफलता

पूरे मामले के खुलासे में एसडीओपी पी. एस. परस्ते के नेतृत्व में थाना मानपुर पुलिस और साइबर सेल की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच, लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई के कारण यह अंधी हत्या का मामला बेहद कम समय में सुलझाया जा सका।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
यह भी पढ़ें कुसमी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वृहद कार्यकर्ता बैठक में गूंजी महंगाई और जनसमस्याओं की आवाज
कुसमी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वृहद कार्यकर्ता बैठक में गूंजी महंगाई और जनसमस्याओं की आवाज

कुसमी में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, वृहद कार्यकर्ता बैठक में गूंजी महंगाई और जनसमस्याओं...

Share & Earn