भाजपा युवा मोर्चा नेताओं में आधी रात संग्राम,शराब के नशे में भिड़े पदाधिकारी, वीडियो वायरल होने से मचा बवाल
एमपी के सीधी जिले की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा नेताओं के बीच हुई मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा के अंदरूनी विवाद का वीडियो बुधवार दोपहर सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विपक्ष ने भाजपा के नेतृत्व और संगठन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया यह भी जा रहा है कि 17 तारीख को भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के सीधी दौरे के दौरान बाईपास रोड स्थित सिंघम ढाबा में रात करीब 3 बजे भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष के साथ निशांत मिश्रा, प्रिंस पांडेय और उनके साथियों का खड्डी मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा, मंडल उपाध्यक्ष कृष्ण तिवारी और अजेंद्र नाथ मिश्रा से विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी लोग शराब के नशे में थे और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर जमकर हाथापाई हुई।
जहा मारपीट में मंडल अध्यक्ष प्रदीप मिश्रा समेत एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि मामले को लेकर अब तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि अभी तक किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वही इधर कांग्रेस नेता संदीप सिंह पटेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “इससे घटिया और नकारा नेतृत्व क्या हो सकता है। भाजपा खुद को संस्कारी पार्टी बताती है लेकिन उसके युवा नेता शराब के नशे में एक-दूसरे से मारपीट कर रहे हैं।” वहीं एनएसयूआई प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वायरल वीडियो भाजपा के असली संस्कार दिखा रहा है।
जानकारी के मुताबिक भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान के दबाव में दोनों पक्षों ने मामला दबाने की कोशिश की, जिसके चलते थाने में शिकायत नहीं दी गई। वहीं जब प्रदीप मिश्रा और निशांत मिश्रा से इस मामले में बातचीत करने की कोशिश की गई तो दोनों ने इसे “आपसी मामला” बताते हुए कुछ भी कहने से इनकार कर फोन काट दिया।

