लूट का सोना खरीदने के शक में लाया गया व्यापारी पुलिस हिरासत से फरार, इन्दवार थाने में हड़कंप
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के इन्दवार थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब लूटकांड से जुड़े एक संदेही सराफा व्यापारी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की खबर सामने आई। मामला ग्राम पल्झा में हुई लूटपाट से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें अब नए खुलासों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, घुनघुटी क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई चोरी और लूट की वारदात में शामिल आरोपियों को पाली थाना की घुनघुटी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके बाद इन्दवार पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए। बताया गया कि ग्राम पल्झा में हुई लूट के बाद सोने-चांदी के आभूषण कटनी जिले के बरही क्षेत्र के एक व्यापारी को बेचे गए थे। पुलिस को शक था कि व्यापारी को इन आभूषणों के लूट का माल होने की जानकारी थी। इसी आधार पर पुलिस ने व्यापारी को पूछताछ के लिए अपनी अभिरक्षा में लिया था।
मामले ने बुधवार दोपहर उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पूछताछ के दौरान व्यापारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि व्यापारी को थाने में रखा गया था और मौका मिलते ही वह वहां से निकल भागा। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
व्यापारी के फरार होने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। लोगों के बीच चर्चा होने लगी कि आखिर पुलिस अभिरक्षा में रखा गया व्यक्ति इतनी आसानी से कैसे भाग निकला। इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामले को लेकर इन्दवार थाना प्रभारी विजय सिंह पाटले ने बताया कि फरार हुआ व्यक्ति लूट का नामजद आरोपी नहीं है। उसे केवल संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए लाया गया था।
फिलहाल पुलिस फरार व्यापारी की तलाश में जुटी हुई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है वहीं इस पूरे घटनाक्रम ने जिले में पुलिस व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।


