“पलट जाएगी गाड़ी…” कहते रहे लोग और देखते ही देखते लाइव वीडियो में पलट गया गेहूं से लदा ट्रक, बड़ा हादसा टला
सीधी जिले के जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत मझौली उपार्जन केंद्र से गेहूं लेकर दडौरा तौल केंद्र जा रहा एक ओवरलोड ट्रक गुरुवार सुबह सड़क किनारे पलट गया। हैरानी की बात यह रही कि हादसे से ठीक पहले मौके पर मौजूद लोग लगातार कह रहे थे कि गाड़ी कभी भी पलट सकती है और कुछ ही सेकंड बाद ट्रक लाइव वीडियो बनते समय ही अनियंत्रित होकर पलट गया। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार हादसा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक में क्षमता से कहीं ज्यादा गेहूं की बोरियां लोड थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की बॉडी से करीब 10 फीट ऊपर तक गेहूं भरा गया था और ऊपर से रस्सियों के सहारे उसे बांधा गया था। भारी वजन के कारण ट्रक सड़क पर चलते समय बार-बार एक तरफ झुक रहा था।
मौके पर मौजूद स्थानीय निवासी रामकिशोर पनिका ने बताया कि लोग ट्रक को देखकर पहले से ही आशंका जता रहे थे कि यह कभी भी पलट सकता है। इसी दौरान कुछ लोग वीडियो बना रहे थे और वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि प्रत्यक्षदर्शी कह रहे हैं कि “गाड़ी पलट जाएगी।” देखते ही देखते कुछ सेकंड बाद ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे के दौरान ड्राइवर और खलासी ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद दोनों मौके से चले गए। वहीं सड़क किनारे गेहूं की बोरियां बिखर गईं और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। गनीमत यह रही कि जिस समय ट्रक पलटा, उस वक्त वहां कोई राहगीर या दूसरा वाहन मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पूरे मामले को लेकर मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन कारणों से हुआ और ट्रक सड़क किनारे कैसे पलटा, इसकी जांच की जा रही है। ओवरलोडिंग के पहलू को भी गंभीरता से देखा जा रहा है।

