भीषण गर्मी में पानी किनारे ‘कूल’ अंदाज़ में दिखी T-17 बाघिन, 3 घंटे तक पर्यटकों के सामने बैठी रही जंगल की रानी
भीषण गर्मी की मार इंसानों के साथ अब जंगलों में भी साफ दिखाई देने लगी है। तपते मौसम के बीच संजय टाइगर रिजर्व से एक बेहद खास और रोमांचक तस्वीर सामने आई है, जहां रिजर्व की चर्चित T-17 फीमेल टाइगर पहली बार इतने शांत और करीब अंदाज़ में पर्यटकों को दिखाई दी।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पर्यटक सफारी के दौरान जंगल के जल स्रोत के पास पहुंचे थे, तभी उनकी नजर पानी के किनारे आराम से बैठी T-17 बाघिन पर पड़ी। गर्मी से राहत पाने के लिए वह लंबे समय तक पानी के समीप शांत मुद्रा में बैठी रही। खास बात यह रही कि सामान्यतः कम दिखाई देने वाली यह बाघिन करीब तीन घंटे तक उसी स्थान पर मौजूद रही, जिससे पर्यटकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
जैसे ही पर्यटकों ने इस दुर्लभ पल को अपने कैमरों में कैद किया, सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। लोगों ने बाघिन के शांत स्वभाव और उसके रॉयल अंदाज़ की जमकर तारीफ की। कई पर्यटकों ने इसे अपने जीवन का सबसे यादगार जंगल सफारी अनुभव बताया।
गर्मी के कारण इन दिनों जंगलों में जल स्रोतों के आसपास वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। ऐसे में पर्यटकों को जानवरों को देखने के अधिक अवसर मिल रहे हैं। T-17 बाघिन का इस तरह लंबे समय तक खुले क्षेत्र में दिखाई देना वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं माना जा रहा।
पूरे मामले को लेकर राजेश कन्ना टी ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी के मौसम में जंगली जानवर अक्सर पानी वाले क्षेत्रों के आसपास आ जाते हैं और लंबे समय तक वहीं रुकते हैं, ताकि उन्हें ठंडक मिल सके। इसी वजह से यह बाघिन पर्यटकों को आसानी से दिखाई दी।
वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टाइगर रिजर्व प्रबंधन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जंगल सफारी के प्रति लोगों का आकर्षण और बढ़ेगा।

