तेज रफ्तार ‘बालाजी’ ट्रक ने 33 KV बिजली पोल को मारी भीषण टक्कर, 9 गांवों की बिजली गुल; बड़ा हादसा टला, चालक घायल
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना अंतर्गत ग्राम कपूरी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित हुए ‘बालाजी’ ट्रक ने 33 केवी विद्युत लाइन के मुख्य डीपी (डबल पोल) को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पूरा ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया और बघवार क्षेत्र सहित नौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद वाहन सड़क किनारे स्थापित 33 केवी बिजली पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि भारी-भरकम पोल, इंसुलेटर और अन्य विद्युत उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान बिजली लाइनों में शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासी सुनील गुप्ता ने बताया कि ट्रक की गति काफी तेज थी। गनीमत रही कि विद्युत लाइन तत्काल ऑटोमैटिक ट्रिप हो गई, अन्यथा हाईटेंशन करंट फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से बघवार, कपूरी, बुढगौना समेत करीब नौ गांवों की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 33 केवी लाइन का पोल और उस पर लगे इंसुलेटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। नई सामग्री मंगाकर मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है।
वहीं पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से मौके पर यातायात को नियंत्रित कर दिया गया है। दुर्घटना में घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन ने लोगों से क्षतिग्रस्त विद्युत तारों और पोल के आसपास न जाने की अपील की है।

