सिरसी घाट पर खनिज विभाग का बड़ा एक्शन, भागते रहे माफिया, पीछा करती रही टीम
सीधी जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के हौसलों पर करारा प्रहार किया। गोपदबनास तहसील के ग्राम सिरसी स्थित गोपद नदी घाट पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की सूचना मिलते ही खनिज विभाग की टीम सक्रिय हुई और फिल्मी अंदाज में करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर तीन वाहनों को जब्त करने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक शिशिर यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने सिरसी घाट पर दबिश दी। कार्रवाई की भनक लगते ही रेत से लदे वाहन चालक तेज रफ्तार से भाग निकले और टीम को चकमा देने का प्रयास करने लगे। बताया जा रहा है कि दो वाहन चालकों ने रास्ते में ही लोड रेत खाली कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की, लेकिन खनिज विभाग की टीम लगातार उनका पीछा करती रही। लगभग दो किलोमीटर तक चले पीछा अभियान के बाद वाहन चालकों ने गाड़ियां छोड़ दीं और मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की एक टाटा-407 को टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। चालक ने अपना नाम बाला प्रसाद यादव निवासी सिरसी बताया। वहीं टाटा-407 क्रमांक MP53GA4183 को लावारिस हालत में जब्त किया गया, जबकि वाहन क्रमांक MP53GA3272 को रेत सहित पकड़ा गया। उसके चालक रामकुमार यादव निवासी सिरसी को मौके पर ही चिन्हित किया गया।
जब्त किए गए तीनों वाहनों को थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित वाहन स्वामियों और चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। बिना नंबर वाले वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी अलग कार्रवाई होगी।
खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी रवींद्रनाथ तिवारी एवं वन विभाग के अमले ने भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

