तेज रफ्तार गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और बल्कर वाहन की जोरदार भिड़ंत, बड़ा हादसा टला; दो घायल रीवा रेफर
सीधी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हड़बड़ो में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रसोई गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक और एक बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर कर दिया गया।
फिलहाल दुर्घटना में घायल दोनों व्यक्तियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी पहचान कराने और हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय निवासी एवं प्रत्यक्षदर्शी दीपक तिवारी ने बताया कि बल्कर वाहन कथित रूप से रॉन्ग साइड से आ रहा था, जबकि दूसरी ओर से गैस सिलेंडरों से भरा ट्रक पहुंचा। इसी दौरान दोनों वाहनों में भीषण भिड़ंत हो गई। उन्होंने कहा कि यदि गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
दीपक तिवारी ने इस घटना को लेकर परिवहन एवं यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि रॉन्ग साइड और नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण इस तरह के गंभीर हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उपनिरीक्षक विवेक पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहनों के बीच टक्कर होने की पुष्टि हुई है तथा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बल्कर वाहन का पंजीयन क्रमांक MP17 ZR 9493 तथा गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक का पंजीयन क्रमांक MH40 CM 7231 है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

