अवैध रेत परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खड़बड़ा में गुरुवार तड़के लगभग 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार से रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप हुई। हादसे में अर्जुन रावत (22 वर्ष) निवासी हटवा, प्रवीण साकेत (15 वर्ष) तथा सर्वेश कोल उर्फ छोटू, पिता लक्ष्मण कोल, निवासी खड़बड़ा गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमिलिया लाया गया।
चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। इसी दौरान सर्वेश कोल की रास्ते में मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है। वहीं अन्य दोनों घायलों में से एक को बेहतर उपचार के लिए रीवा रेफर किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अमिलिया पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किए जाने की जानकारी मिल रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत का अवैध परिवहन जारी है, जिसकी जानकारी संबंधित विभागों को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है और लोग घटना को लेकर विभिन्न प्रकार की चर्चाएं कर रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस और संबंधित विभागों की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों का स्पष्ट रूप से खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। आगे की हर अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।

