शादी का झांसा, प्रेम संबंध और गर्भवती होने के बाद मुकरा युवक, दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के पाली थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने गांव के ही युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय युवती ने थाना पाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। युवती ने बताया कि वर्ष 2025 में जब वह स्कूल में पढ़ाई कर रही थी, उसी दौरान उसकी पहचान ग्राम अमिलिहा निवासी एक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध बन गए।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि 26 अक्टूबर 2025 की रात आरोपी ने उसे फोन कर गांव के पास नदी किनारे मिलने बुलाया। वहां उसने शादी करने का वादा किया और युवती के विरोध के बावजूद उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी कई बार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा l
पीड़िता ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 को जब उसके परिजन गांव में आयोजित एक शादी समारोह में गए हुए थे, तब आरोपी देर रात उसके घर पहुंचा और शादी करने की बात कहकर फिर से जबरन दुष्कर्म किया। युवती के अनुसार उस समय वह नाबालिग थी, इसके बावजूद आरोपी ने उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब युवती की तबीयत बिगड़ने पर 2 जून 2026 को उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल शहडोल ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे गर्भवती होने की जानकारी दी। इसके बाद युवती ने आरोपी को फोन कर गर्भवती होने की बात बताई, लेकिन आरोप है कि युवक ने उससे गाली-गलौज की और शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी यह जानता था कि वह नाबालिग है, इसके बावजूद उसने शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। शिकायत के आधार पर पाली थाना पुलिस ने आरोपी खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 64(2)(एम) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(जे)(ii), 6 और 51 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


