थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में प्रदोष पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना एवं सुंदरकांड पाठ संपन्न।
कुसमी। थाना परिसर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में प्रदोष पर्व के अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी द्वारा विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन कर क्षेत्र की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं पुलिस स्टाफ ने मंदिर में उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक एवं पूजन किया। वहीं शनिवार के पावन अवसर पर भक्तों द्वारा हनुमान जी महाराज को सिंदूर अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
इस धार्मिक आयोजन में कुसमी थाना का समस्त स्टाफ एवं क्षेत्र के ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सौहार्द एवं शांति का संदेश देते हैं। उन्होंने भगवान शिव एवं बजरंगबली से क्षेत्रवासियों की खुशहाली, समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

