उजियार कार्यक्रम के तहत जनजातीय गौरव कोचिंग सेंटर का हुआ शुभारंभ
अमित श्रीवास्तव कुसमी/सीधी। जिला कलेक्टर की अभिनव सोच एवं पहल के परिणामस्वरूप संचालित “उजियार कार्यक्रम” के अंतर्गत आज जनजातीय विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनजातीय गौरव कोचिंग सेंटर का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि इस कोचिंग सेंटर के माध्यम से जनजातीय क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीराबाई सिंह, एसडीएम शैलेश द्विवेदी, थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, बीईओ रविचंद दास, बीआरसीसी अंगिरा प्रसाद द्विवेदी, मॉडल स्कूल के प्राचार्य, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य, कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य, भुईमाड़ विद्यालय के प्राचार्य, जूरी विद्यालय के प्राचार्य तथा मझिगवां विद्यालय के प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त हो सके।

