बैंगलोर में मजदूरी के दौरान बुझ गया घर का चिराग
परदेश कमाने गए युवक की घर आई लाश
गांव में छाया मातम रोते बिलखते दिखे परिजन
मझौली
थाना क्षेत्र मझौली अंतर्गत ग्राम करमाई के सरैहा टोला में दर्दनाक वाकया देखने को मिला जहां माता-पिता का एकलौता पुत्र परिवार के भरण पोषण के लिए परदेश कमाने गया था लेकिन वहां से पैसा तो नहीं आया बल्कि युवक की लाश घर पहुंच गई जिस कारण गांव में मातम छाया हुआ है एवं रोते बिलखते परिजनों का करुण कुंदन दिल को दहला देना वाला था।
मृतक के परिजनों के मुताबिक मृतक सूरज सिंह पिता माखनलाल सिंह गोंड़ उम्र 22 वर्ष निवासी करमाई सरैहा टोला थाना मझौली जिला सीधी (मध्य प्रदेश) जो रोजी-रोटी व परिवार का भरण पोषण के लिए बासवेश्वर स्टोन क्रशर व एस आर उदय शंकर स्टोन क्वेरी तबरेकर होबली जिला बैंगलोर साउथ (कर्नाटक प्रदेश) में काम करता था।
घटना दिनांक 2 जुलाई 2026 को सुबह 7:30 बजे की बताई गई जब मृतक स्टोन क्रेशर में काम कर रहा था एवं पत्थर खदान धंसने से कई मजदूर उसमें दब गए जिनमें दर्जन भर घायल हुए हैं जबकि आधा दर्जन मजदूरों की मौत हो गई जिसमें मृतक सूरज सिंह भी शामिल था।
क्रशर संचालक के द्वारा घटना की जानकारी 14 घंटा बाद रात 10:30 बजे दी गई जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस कार्यवाही पूर्ण कर एंबुलेंस के माध्यम से शव को गृह ग्राम 4 जुलाई को शाम लगभग 5:00 बजे पहुंचाया गया।शव के पहुंचते ही ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा और सभी की आंखें नम थी जबकि सूरज के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।
इसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। बताया गया कि मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था एवं तीन बेटियां हैं वही परिवार के आजीविका का सहारा था अब परिवार का भरण पोषण करने वाला कोई नहीं है।माता-पिता भी वृद्ध हैं।

