दतिया में नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का बवाल, पत्थरबाजी में SP समेत 6 घायल, NH-44 पर 15 KM लंबा जाम
मध्य प्रदेश की दतिया सीट से बीजेपी द्वारा आशुतोष तिवारी को उपचुनाव का टिकट दिए जाने के बाद पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क गए. प्रदर्शनकारियों ने NH-44 पर 15 किलोमीटर लंबा चक्का जाम लगाया और शनिवार तड़के सुबह 4 बजे पुलिस पर पथराव कर दिया.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी द्वारा टिकट की घोषणा करते ही इलाके में भारी बवाल मच गया है. पूर्व गृह मंत्री और कद्दावर बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने से नाराज उनके हजारों समर्थकों ने कल रात नेशनल हाईवे-44 (NH-44) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया.
देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया और तड़के सुबह पुलिस पर भारी पथराव किया गया, जिसमें दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल और एडिशनल एसपी समेत 6 से अधिक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, दतिया के एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि कल शाम 6 बजे से ही करीब 3,000 से ज्यादा उपद्रवी दतिया शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. उन्होंने जबरन बाजार बंद कराए और नेशनल हाईवे पर ‘चक्का जाम’ कर दिया.

