एक माह के नाती की मौत से आहत बुजुर्ग ने गुस्से में हनुमान मंदिर की मूर्ति खंडित की, पुलिस ने दर्ज किया मामला
नाती की मौत के सदमे में बुजुर्ग ने तोड़ी बजरंगबली की मूर्ति,
BNS की धाराओं में केस दर्ज
मन्नत पूरी न होने से आहत बुजुर्ग ने मंदिर में की तोड़फोड़, पुलिस जांच में जुटी..
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिहावल पुलिस चौकी के ग्राम बलहया में एक भावनात्मक और संवेदनशील मामला सामने आया है। एक माह के नाती की मौत से आहत एक बुजुर्ग ने कथित रूप से गुस्से में अपने पूर्वजों द्वारा निर्मित मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा को खंडित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामभुवन द्विवेदी (46 वर्ष), पिता नारायण प्रसाद द्विवेदी, निवासी ग्राम बलहया, चौकी सिहावल, थाना अमिलिया, जिला सीधी के एक माह के नाती का उपचार अस्पताल में चल रहा था। परिजनों ने उसके स्वस्थ होने की कामना को लेकर अपने पूर्वजों द्वारा निर्मित मंदिर में स्थापित भगवान बजरंगबली से मन्नत मांगी थी कि यदि बच्चा स्वस्थ हो जाएगा तो पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन का आयोजन कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि उपचार के दौरान मासूम की मौत हो गई। इस घटना से गहरे सदमे और आक्रोश में आए रामभुवन द्विवेदी सीधे मंदिर पहुंचे और वहां स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा को कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद वह मंदिर परिसर में ही बैठकर विलाप करने लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने सिहावल पुलिस चौकी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा प्रारंभिक जांच के बाद मामले की विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि नाती की मृत्यु से उत्पन्न मानसिक आघात और भावनात्मक आवेश में यह घटना घटित हुई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 एवं 299 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है तथा पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

