सेमरिया स्वास्थ्य केन्द्र में 200 विद्यार्थियों का नेत्र परीक्षण, 19 को लगेगा निःशुल्क चश्मा।
सेमरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया में महात्मा गांधी मेमोरियल हाई स्कूल, रामगढ़ सेमरिया के विद्यार्थियों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई।
नेत्र परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के ऑप्थेल्मिक असिस्टेंट जीवेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। जांच के दौरान 19 विद्यार्थियों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, जिन्हें चश्मे की आवश्यकता बताई गई। इन विद्यार्थियों के लिए आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे तैयार कराकर शीघ्र वितरित किए जाएंगे।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को आंखों की नियमित देखभाल, स्वच्छता बनाए रखने तथा दृष्टि संबंधी समस्याओं के शुरुआती लक्षणों को पहचानने और समय पर जांच कराने के बारे में भी जागरूक किया गया।
विद्यालय के संचालक श्रीकांत तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
इस नेत्र परीक्षण शिविर से विद्यार्थियों को लाभ मिला, वहीं अभिभावकों में भी बच्चों की आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।

