विद्यालय के पीछे घड़ियाल का डेरा, बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
बमुरी स्कूल मार्ग पर चार दिनों से मौजूद घड़ियाल, ग्रामीणों ने रेस्क्यू की उठाई मांग
सिहावल। सीधी जिले के सिहावल
विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बमुरी स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बमुरी के पीछे एक छोटी तलैया में पिछले चार दिनों से घड़ियाल के डेरा जमाए होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। विद्यालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस तलैया के पास से ही कक्षा 1 से 8वीं तक के छात्र-छात्राएं प्रतिदिन विद्यालय पहुंचते हैं। अभिभावकों और शिक्षकों को लगातार इस बात की चिंता सता रही है कि कहीं बच्चों की सुरक्षा पर कोई खतरा न उत्पन्न हो जाए।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के अलावा स्थानीय राहगीर भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। घड़ियाल के लगातार उसी स्थान पर बने रहने से लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यह उभयचर जीव कभी भी पानी से बाहर निकलकर मार्ग के आसपास पहुंच सकता है, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए जोखिम बढ़ गया है। विद्यालय समय के दौरान भी बच्चे अनजाने में तलैया के समीप पहुंच सकते हैं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सूचना मिलने के बावजूद संबंधित जिम्मेदार विभाग अब तक सक्रिय नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों ने सोन घड़ियाल अभ्यारण्य एवं वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए घड़ियाल का सुरक्षित रेस्क्यू कराने और विद्यालय मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

