शादी के 16 साल बाद घर में गूंजी किलकारी
– चुरहट अस्पताल में महिला ने स्वस्थ बच्ची को दिया जन्म
– डॉ. गौरव पाण्डेय के उपचार और नियमित चिकित्सकीय देखरेख से पूरी हुई वर्षों पुरानी मुराद, मां और नवजात दोनों स्वस्थ
सीधी। विवाह के 16 वर्ष बाद संतान सुख की आस लगाए एक दंपत्ति के घर आखिरकार किलकारी गूंज उठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में रानू बंसल उम्र 35 वर्ष निवासी चुरहट ने मंगलवार 28 जुलाई को सामान्य प्रसव के माध्यम से एक स्वस्थ कन्या को जन्म दिया। मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस सफल उपचार ने वर्षों से संतान की प्रतीक्षा कर रहे परिवार की खुशियों को नया आयाम दिया है।
जानकारी के अनुसार रानू बंसल को पिछले 16 वर्षों से गर्भधारण नहीं हो रहा था। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में पदस्थ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ एवं प्रथम श्रेणी राजपत्रित अधिकारी डॉ. गौरव पाण्डेय से उपचार शुरू कराया। नियमित जांच, उचित परामर्श और लगातार चिकित्सकीय निगरानी के बाद उन्हें गर्भधारण हुआ। पूरे गर्भकाल में विशेषज्ञ देखरेख के बाद मंगलवार को अस्पताल में सामान्य प्रसव के जरिए स्वस्थ बच्ची का जन्म हुआ।
डॉ. गौरव पाण्डेय ने बताया कि समय पर जांच, सही उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह से नि:संतानता जैसे जटिल मामलों में भी सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। उन्होंने दंपतियों से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना देर किए विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। परिजनों ने वर्षों बाद मिली इस खुशी पर डॉ. गौरव पाण्डेय तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट की चिकित्सा एवं नर्सिंग टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
उनका कहना था कि लंबे इंतजार के बाद मिली यह खुशी उनके परिवार के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चुरहट में सोनोग्राफी, सुरक्षित गर्भपात, महिलाओं की जटिल स्त्री रोग संबंधी समस्याओं के उपचार तथा पुरुष बांझपन की जांच एवं उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

