सावन में ही नहीं, हर माह करें नशे का त्याग: हीराबाई सिंह
कुसमी थाना परिसर में ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान का हुआ भव्य समापन, सैकड़ों ग्रामीणों ने ली नशा त्यागने की शपथ
कुसमी (सीधी)। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी” जनजागरूकता अभियान का समापन समारोह गुरुवार को कुसमी थाना परिसर में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल, ग्राम सरपंच मकरंद सिंह, पूर्व बीईओ डॉ. एच. अंसारी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत थाना प्रभारी द्वारा अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए की गई। उन्होंने नशे के दुष्परिणामों, सामाजिक एवं पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले उसके दुष्प्रभाव तथा युवाओं को नशे से दूर रखने की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसलिए सभी को मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
अपने संबोधन में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने कहा कि जिस प्रकार सावन माह में श्रद्धालु भगवान शिव को साक्षी मानकर नशे का त्याग करते हैं, उसी संकल्प को पूरे वर्ष निभाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “सिर्फ सावन में ही नहीं, बल्कि हर माह और जीवनभर नशे से दूर रहने का संकल्प लें। यही हमारे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।”
ग्राम सरपंच मकरंद सिंह ने अपने जीवन का अनुभव साझा करते हुए उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि वे स्वयं कभी नशे की गिरफ्त में थे। एक पारिवारिक विवाद के बाद उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। जब उन्होंने अपने खर्च का हिसाब लगाया तो पता चला कि वे नशे में लगभग 14 लाख रुपये बर्बाद कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ तीर्थ स्थल जाकर नशा छोड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि अब तक वे अपने साथ जुड़े करीब 10 लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित कर चुके हैं और आगे भी समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे।
पूर्व बीईओ डॉ. एच. अंसारी ने अपनी प्रभावशाली कविताओं एवं इतिहास में नशे के कारण बर्बाद हुए राजाओं के उदाहरणों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उनके प्रेरक वक्तव्य को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं बढ़ाई गई तो आने वाली पीढ़ी गंभीर संकट का सामना कर सकती है। उन्होंने सभी से अपने परिवार और आसपास के लोगों को नशे से दूर रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं युवाओं को नशे का पूर्ण रूप से त्याग करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
कुसमी थाना परिसर में आयोजित यह समापन समारोह जनसहभागिता और जनजागरूकता का उत्कृष्ट उदाहरण रहा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

