होटल कार्रवाई के बाद कांग्रेस का बड़ा फैसला, राहुल दांगी पर गिरी गाज; पद से हटाकर पार्टी से किया निष्कासित
गुना। बीनागंज के होटल राज पैलेस में पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस संगठन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बड़ा निर्णय लिया है। ब्यावरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया गया है।
कांग्रेस संगठन प्रभारी महासचिव संजय कामले द्वारा जारी आदेश के मुताबिक यह कार्रवाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर की गई है।
मामला शनिवार को सामने आया, जब पुलिस ने बीनागंज स्थित होटल राज पैलेस में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों और तीन युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा था। कार्रवाई के दौरान राहुल दांगी का नाम भी सामने आने की बात कही गई।
पुलिस ने होटल के मैनेजर सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की। हालांकि, युवतियों की ओर से शिकायत नहीं मिलने के बाद आरोपियों को तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
इधर, राहुल दांगी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया है। उनका कहना है कि मामले में उनके संबंध में सामने आई बातें सही नहीं हैं।
फिलहाल कांग्रेस संगठन की कार्रवाई के बाद यह मामला जिले की राजनीतिक गतिविधियों में चर्चा का विषय बन गया है। पार्टी के इस फैसले को संगठनात्मक अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है।