रक्षाबंधन से पहले महिला कर्मियों को मिला सम्मान का उपहार, हेल्थ चेकअप के साथ साड़ी सेट वितरित
सीधी-: रक्षाबंधन के पावन अवसर से एक दिन पूर्व जनजातीय कार्य विभाग द्वारा महिला कर्मियों के सम्मान और स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल की गई। सीधी जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत शासकीय अनुसूचित जाति जूनियर बालक छात्रावास सिहावल क्रमांक-2 में जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त पी.के. पांडे द्वारा छात्रावास में कार्यरत समस्त महिला स्वीपर एवं महिला श्रमिकों का हेल्थ चेकअप कराया गया। इसके साथ ही सभी महिला कर्मियों को सम्मान स्वरूप एक-एक सेट साड़ी का वितरण किया गया।
रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक पर्व से पहले आयोजित इस पहल से महिला कर्मियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त पी.के. पांडे ने महिला कर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सेवाओं में महिला कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके स्वास्थ्य और सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
हेल्थ चेकअप के साथ साड़ी सेट का वितरण महिला कर्मियों के लिए केवल उपहार नहीं, बल्कि उनके कार्य के प्रति सम्मान और अपनत्व का प्रतीक रहा। विभाग की इस पहल की उपस्थित लोगों और महिला कर्मियों द्वारा सराहना की गई।
रक्षाबंधन के अवसर पर विभाग की यह पहल महिला कर्मियों के स्वास्थ्य, सम्मान और मनोबल को बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक एवं सराहनीय कदम के रूप में सामने आई।