बिना काम के मजदूरी न देने पर कर दिया वीडियो वायरल

बिना काम के मजदूरी न देने पर कर दिया वीडियो वायरल

चारागाह विकास कार्य में हो रहा बाड़ी निर्माण का कार्य

मामला संजय टाइगर रिजर्व परिक्षेत्र दुबरी के बीट चिनगवाह का

संजय सिंह मझौली

         जिले के संजय टाइगर रिजर्व अंतर्गत वन परिक्षेत्र दुबरी के बीट चिनगवाह में “चारागाह विकास योजना” के तहत बाड़ी निर्माण का कार्य चल रहा है जिसको लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया गया है जिसमें उल्लेख किया गया है कि वन विभाग द्वारा बड़े-बड़े हरे पेड़ों की कटाई की गई है।

मामले के संबंध में जब ग्रामीणों से संपर्क किया गया तो बताया गया कि विभाग द्वारा प्रतिवर्ष चारागाह के लिए स्थान निश्चित कर उसे बाड़ी निर्माण कर सुरक्षित किया जाता है उसी के तहत कागजी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद बाड़ी निर्माण का कार्य कराया जा रहा है जिसमें छोटे-मोटे पौधे एवं झाड़ियां की सफाई की जाती है।

जबकि वायरल वीडियो के बारे में परिक्षेत्राधिकारी ने बताया कि यह विभागीय कार्य है जो बीट चिनगवाह के कक्ष क्रमांक आर एफ 170 में गांव के रहवास विकास कार्य के तहत वर्ष 2026–27 हेतु कैंप मद से स्वीकृत है।जिसमें 80 हेक्टर क्षेत्र में चारागाह के कार्य हेतु बागड़ (बाड़ी) निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

उसमें झाड़ियां,लेंटाना एवं बरसात में जो हरे वृक्ष गिर गए हैं उनकी भी कटिंग कराकर निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें लगभग आधा सैकड़ा ग्रामीण एक पखवाड़ा से भी ज्यादा दिनों से काम कर रहे हैं उसमें प्रिंस भुरतिया,संतोष भुरतिया एवं प्रदीप भूर्तिया सभी निवासी चिनगवाह के हैं जो काम नहीं करना चाहते हैं और बिना काम के मजदूरी के लिए बीट गार्ड के पास दबाव बना रहे थे लेकिन बीट गार्ड ने कहा कि मजदूरी चाहिए तो काम करिए जिस तरह सभी कर रहे हैं।

इसी बात से नाराज होकर उन लोगों के द्वारा बीट गार्ड से विवाद किया गया है और उसका हाजरी रजिस्टर छीन लिया गया है और धमकी दी गई है जिसकी शिकायत बीट गार्ड के द्वारा थाना मझौली में की गई है। जबकि उन्हीं लोगों के द्वारा दवाब बनाने के लिए बाड़ी निर्माण का वीडियो बनाकर वायरल किया गया है। बाकी निर्माण कार्य नियम के अनुसार हो रहा है।

इनका कहना

चारागाह विकास के लिए बाड़ी का निर्माण कराया जा रहा है हरे पेड़ नहीं काटे गए हैं छोटे-मोटे पौधे और झाड़ियां की सफाई की गई है।

संतोष सिंह बघेल ग्रामीण विटखुरी

नाजायज दवाव बनाकर बिना काम के ही मजदूरी की मांग की जा रही थी और उपस्थिति रजिस्टर छीन लिया गया है जिसकी शिकायत मेरे द्वारा थाना मझौली में की गई है। 

जय सुरेंद्र बीट गार्ड चिनगवाह

चारागाह विकास योजना के तहत बाड़ी निर्माण कार्य कराया जा रहा है जिसमे बरसात के सीजन में जो पेड़ गिर गए हैं उनकी कटिंग कर लगाया जा रहा है उसी का वीडियो एक ग्रामीण के द्वारा वायरल किया गया है जो बिना काम के मजदूरी मांग रहा था जिसकी शिकायत बीट गार्ड के द्वारा पूर्व में को जा चुकी है।कार्य विभागीय अनुमति के तहत कराया जा रहा है।

विवेक सिंह परिक्षेत्र अधिकारी दुबरी

Leave a Comment