VIDEO VIRAL होते ही प्रशासन का चाबुक! बुजुर्ग की पीठ पर सवार पटवारी निलंबित
माटा गांव की घटना ने खींचा प्रशासन का ध्यान, अपर कलेक्टर मौके पर कर रहे जांच
सीधी जिले के माटा गांव में सामने आए वायरल वीडियो ने प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। वीडियो में एक पटवारी द्वारा बुजुर्ग व्यक्ति की पीठ पर सवार होकर पानी से भरे गड्ढे को पार करने का मामला सामने आया है।
वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर विकास मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय को मौके पर भेजा। अपर कलेक्टर गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।
इधर एसडीएम गोपद बनास प्रिया पाठक ने पटवारी नीलेश नामदेव को निलंबित कर दिया है। प्रशासन ने प्रथम दृष्टया इसे असंवेदनशील एवं अपमानजनक व्यवहार माना है।
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब ग्रामीणों ने शासकीय पट्टा, पीएम किसान सम्मान निधि, जाति और जन्म प्रमाण पत्र जैसे कार्यों में कथित सेवा शुल्क मांगने की शिकायतें भी सामने रखीं।
प्रशासन की जांच के बाद अब पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।