15 सितंबर से पहले किसान बनवाएं फार्मर आईडी, एसडीएम ने की अपील

15 सितंबर से पहले किसान बनवाएं फार्मर आईडी, एसडीएम ने की अपील

ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे शिविर, आईडी नहीं बनने पर शासन की योजनाओं के लाभ से हो सकते हैं वंचित

कुसमी। जिला सीधी के कुसमी तहसील क्षेत्र में किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे 15 सितंबर 2026 के पूर्व हर हाल में अपनी फार्मर आईडी बनवा लें, ताकि शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कुसमी एसडीएम सागर दिलीप जैन ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि फार्मर आईडी किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। जिन किसानों की फार्मर आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे अपने नजदीकी ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर अथवा संबंधित हल्का पटवारी से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराएं।

एसडीएम ने बताया कि फार्मर आईडी नहीं बनने की स्थिति में किसान भविष्य में शासन की योजनाओं एवं कृषि संबंधी लाभों से वंचित हो सकते हैं। इसलिए किसान अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द से जल्द अपनी आईडी बनवाएं।

प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों में लगाए जा रहे शिविरों के माध्यम से किसानों को फार्मर आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे शिविर में पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया पूरी करें और शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।

Leave a Comment