कोडार बड़वाही और पोड़ी के पास बिच्छूली नदी का बढ़ा जलस्तर, जबरन वाहन नदी में न उतारने की अपील
कुसमी। लगातार हो रही बारिश के कारण कुसमी क्षेत्र की नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। कुसमी की बड़वानी नदी एवं पोड़ी के पास स्थित बिच्छूली नदी उफान पर हैं, जिसके चलते दोनों स्थानों से आवागमन प्रभावित हो गया है और मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं।
स्थिति को देखते हुए कुसमी खंड प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि कोई भी व्यक्ति जबरदस्ती अपने वाहन को उफनती नदी में प्रवेश न कराए और पानी कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रुककर इंतजार करे।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से नदी-नालों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने तथा बच्चों को भी उफनते जलस्त्रोतों से दूर रखने की अपील की है। लगातार बारिश के बीच जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी और सतर्कता बनाए रखने को कहा गया है।
प्रशासन की अपील— “जान है तो जहान है, उफनती नदी को पार करने का जोखिम न उठाएं।”