युवा व्यापारियों ने चौराहे में की श्री गणेश प्रतिमा की भव्य स्थापना, बाजार में दिखा भक्तिमय माहौल
सीधी जिले के कुसमी के युवा व्यापारियों द्वारा हनुमान मंदिर के सामने श्री गणेश जी की प्रतिमा की भव्य स्थापना की गई। प्रथम दिवस पंडित ऋषिकेश चतुर्वेदी के सानिध्य में वैठकी पूजन का अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके बाद सभी व्यापारी एकत्रित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और श्री गणेश जी की आरती में शामिल हुए।
गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ ही कुसमी का बाजार भक्तिमय हो गया है। सुबह-शाम श्रद्धालुओं और व्यापारियों का दर्शन के लिए पहुंचना जारी है। युवाओं द्वारा आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर वरिष्ठ व्यापारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विकासखंड के अधिकारी भी समय-समय पर गणेश पंडाल पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।
व्यापारी एकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश
व्यापारी एकता संघ कुसमी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने युवा व्यापारियों के इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गणेश उत्सव को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उनके निर्देशन में भी आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सहयोग किया जा रहा है। आयोजन में युवाओं के साथ वरिष्ठ व्यापारियों की सहभागिता भी दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम में वेटू तिवारी, दिनेश गुप्ता, अजय गुप्ता, बब्लू गुप्ता, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, संजय मिश्रा, शनि तिवारी, शारदा गुप्ता, राकेश गुप्ता, सोनू गुप्ता, विपिन गुप्ता, मंडल गुप्ता, रज्जन गुप्ता, आशीष मिश्रा, दिनेश साहू, विकास श्रीवास्तव, धर्मेन्द्र गुप्ता, धीरज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की।
थाना प्रभारी ने की शांति एवं नियमों के पालन की अपील
गणेश उत्सव को लेकर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने क्षेत्रवासियों से शासन-प्रशासन द्वारा जारी नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अशांति न हो और यदि कोई अप्रिय स्थिति या विवाद सामने आता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
युवा व्यापारियों ने भी सभी व्यापारी भाइयों से आयोजन में सहभागिता और सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम न रहकर व्यापारी एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक बने।