कुसमी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.484 किलो गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
पोंडी में बाइक से गांजा परिवहन करते पकड़े गए आरोपी, 2.21 लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त
सीधी/कुसमी। मादक पदार्थों के अवैध परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध कुसमी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.484 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन सहित कुल 2,21,844 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 की रात चौकी प्रभारी पोंडी सउनि जय नारायण श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त एवं गणेश उत्सव की सुरक्षा व्यवस्था में रवाना हुए थे। 17 सितंबर की रात करीब 1:28 बजे ग्राम पोंडी स्थित सहकारी बैंक के सामने पुलिस टीम पहुंची। इसी दौरान ददरी तरफ से एक मोटरसाइकिल पर चालक के साथ महिला सवार होकर आती दिखाई दी।
पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस वाहन को देखकर चालक भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दो बैगों में गांजा होने की जानकारी मिली। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बैगों से कुल 14 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
केल्हारी से गांजा लाने की बात बताई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम श्याम सुंदर कुशवाहा (54 वर्ष), निवासी उडैसा, चौकी पथरौला, थाना मड़वास, जिला सीधी तथा प्रेमवती सिंह (42 वर्ष), निवासी बरहाई, चौकी पथरौला, थाना मड़वास, जिला सीधी बताया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने गांजा केल्हारी, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़) से लाना बताया है।
दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह सामग्री हुई जब्त
14.484 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत ₹1,44,844।
हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (एमपी-18-एमबी-4081), कीमत ₹50,000।
ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कीमत ₹25,000।
जियो कंपनी का की-पैड मोबाइल फोन, कीमत ₹2,000।
कुल जब्त मशरूका: ₹2,21,844।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी श्री संतोष कुमार तिवारी के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुसमी निरीक्षक अरुणा द्विवेदी के नेतृत्व में की गई।
पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी पोंडी सउनि जय नारायण श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक जितेंद्र पाठक, प्रधान आरक्षक रमेश्वर सिंह, आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक शिवम शुक्ला एवं महिला आरक्षक अर्चना मुवेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।