रेल लाइन के लिए चंदवाही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, 56 घर चिन्हित; मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल
एसडीएम सिहावल और थाना प्रभारी की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू, लोगों से घर खाली करने के निर्देश; मुआवजा नहीं मिलने को लेकर प्रभावित परिवारों की चिंता
सीधी। सीधी जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदवाही में रविवार दोपहर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सीधी-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के तहत रेलवे विभाग की ओर से चिन्हित किए गए मकानों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान एसडीएम सिहावल राकेश शुक्ला, बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने के बाद प्रभावित लोगों को अपने-अपने घर खाली करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के लिए दो जेसीबी मशीन भी मौके पर बुलाई गई हैं। बताया जा रहा है कि रेलवे विभाग की ओर से जारी नोटिस के आधार पर करीब 56 मकानों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें रेल परियोजना के लिए हटाया जाना है।
स्थानीय निवासी गीता सिंह ने बताया कि उनके अलावा आधीरन सिंह, रणधीर सिंह सहित करीब 56 लोगों के मकान कार्रवाई की जद में हैं। उनका कहना है कि प्रभावित परिवारों को अभी तक मुआवजे की राशि प्राप्त नहीं हुई है। इसी वजह से कई लोगों ने अपने घर खाली नहीं किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुआवजा मिलने के बाद उन्हें मकान हटाने में आपत्ति नहीं होगी।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विवाद न हो, इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति सामान्य है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि सीधी-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं में शामिल है। परियोजना के निर्माण कार्य के लिए जहां-जहां भूमि और अतिक्रमण बाधा बन रहे हैं, वहां प्रशासन एवं रेलवे विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है। चंदवाही में भी इसी क्रम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई है। हालांकि, प्रभावित परिवारों की ओर से मुआवजा राशि मिलने के बाद ही मकान खाली करने की बात कही जा रही है।