कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान के आरोपों से सीधी की सियासत गरम, आमने-सामने आए दो नेता

कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान के आरोपों से सीधी की सियासत गरम, आमने-सामने आए दो नेता

पूर्व जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह चौहान ‘रिंकू’ ने संगठन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह बोले—चार विधानसभा का बड़ा संगठन, हर व्यक्ति को संतुष्ट करना संभव नहीं

सीधी जिला कांग्रेस कमेटी सीधी में संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर एक वायरल वीडियो के बाद अंदरूनी खींचतान की चर्चा तेज हो गई है। पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष आकाश सिंह चौहान ‘रिंकू’ ने वीडियो जारी कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। वहीं जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह ने आरोपों पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार करते हुए संगठन की व्यापक जिम्मेदारियों और व्यवस्थाओं का हवाला दिया है।

वायरल वीडियो में आकाश सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि जिले में कांग्रेस संगठन के भीतर एक व्यक्ति केंद्रित तरीके से काम करने की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि इससे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच असंतोष की स्थिति पैदा हो रही है। आकाश सिंह ने पार्टी की विचारधारा को जिले में प्रभावी तरीके से लागू किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए और संगठन में कथित तौर पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाया।

उन्होंने पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल को लेकर भी जिला संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। आकाश सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की सोच यह है कि अजय सिंह राहुल उनके प्रभाव में हैं, जबकि उनके अनुसार ऐसी धारणा सही नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संगठन में कुछ लोगों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। आकाश सिंह ने कहा कि वह 23 सितंबर को अजय सिंह राहुल के जन्मदिन के अवसर पर भी अपनी बात रखेंगे और सीधी में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता पर चर्चा करेंगे।

इधर वायरल वीडियो पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें वीडियो को लेकर कोई विशेष टिप्पणी नहीं करनी है। उन्होंने कहा कि सीधी जिले में कांग्रेस का संगठन बड़ा है और उन्हें चारों विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी देखनी होती है। ऐसे में हर व्यक्ति को संतुष्ट करना संभव नहीं है।

ज्ञान सिंह के मुताबिक संगठन में किसी को पद की अपेक्षा होती है, किसी को आगे बैठने की और किसी को सम्मान की, लेकिन संगठन में व्यवस्थाओं और मर्यादाओं का पालन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन अपनी विचारधारा के अनुरूप ही काम कर रहा है।

दोनों नेताओं के बयानों के बाद अब जिले में संगठनात्मक स्तर पर उठे सवालों को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। हालांकि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। 

Leave a Comment