हर घर तिरंगा’ अभियान,सीधी पुलिस ने 400 आवासों में फहराया तिरंगा

हर घर तिरंगा’ अभियान,सीधी पुलिस ने 400 आवासों में फहराया तिरंगा

सीधी

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सीधी पुलिस द्वारा जिलेभर में जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और स्वतंत्रता दिवस को गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में 9 से 17 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे के नेतृत्व में पुलिस आवासीय कॉलोनी नौढ़िया, 84 क्वार्टर, न्यू अजाक कॉलोनी एवं पुलिस लाइन आवासीय परिसर में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 400 आवासों में राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किए गए।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस दौरान नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं उसके महत्व की जानकारी देते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। पुलिस ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक नागरिक सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करे।

‘हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा’ के संदेश के साथ सीधी पुलिस ने जिलेवासियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment