तालाब में डूबने से युवक की मौत

तालाब में डूबने से युवक की मौत

मड़वास

खेत से घर लौटते समय महादेवन मंदिर के समीप तालाब में हाथ-पैर धोने के दौरान पैर फिसलने से 28 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान युवक की मां को तालाब में उसका शव दिखाई दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार मड़वास गढ़ी के समीप बरी बस्ती निवासी नागेंद्र वर्मा उर्फ संजू (28), पिता राममिलन वर्मा, सोमवार शाम करीब 5 बजे रोजाना की तरह खेत में कृषि कार्य करने गया था। काम पूरा करने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान महादेवन मंदिर के समीप स्थित तालाब के पास हाथ-पैर धोते समय अचानक पैर फिसल गया और वह तालाब के गहरे पानी में जा गिरा।

काफी देर तक नागेंद्र के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों और परिचितों के घरों में खोजबीन करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसी दौरान नागेंद्र की मां उसे तलाशते हुए खेत की ओर गईं। महादेवन घाट के समीप स्थित तालाब में उन्हें नागेंद्र का शव पानी में दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने पर मड़वास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।

Leave a Comment