साप्ताहिक बाजार से लौट रहे सराफा व्यापारी से लूट, तीन बदमाशों ने मारपीट कर छीना गहनों से भरा बैग
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के पाली थाना अंतर्गत घुनघुटी चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम एक सराफा व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। साप्ताहिक बाजार से लौट रहे व्यापारी को तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोककर मारपीट की और सोना-चांदी के गहनों व नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी रजत कुमार सोनी पिता राजू सोनी उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम बिजौरी थाना सोहागपुर जिला शहडोल साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी के गहने बेचने का काम करता है। शनिवार 10 मई 2026 को वह अपने साथी सुरेन्द्र सिंह के साथ ग्राम चौरी के साप्ताहिक बाजार में गहने बेचने गया था। बाजार समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल क्रमांक MP18MT5199 से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
ग्राम बलबई करौदियाई मानपुर-शहडोल मार्ग पर पहुंचे, तभी पीछे से बिना नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और चलती बाइक में व्यापारी का बैग छीनने का प्रयास करने लगे। छीना-झपटी के दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे रजत सोनी और सुरेन्द्र सिंह दोनों सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद दो बदमाश नीचे उतरे और रजत सोनी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी गहनों और नगदी से भरा बैग छीनकर ले गया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी अपनी बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से ओदरी की तरफ फरार हो गए।
फरियादी के अनुसार बैग में करीब 300 ग्राम चांदी के गहने जिनकी कीमत लगभग 75 हजार रुपये तथा करीब 2 ग्राम सोने के गहने कीमत लगभग 30 हजार रुपये रखे थे। इसके अलावा 500 रुपये नगद, आधार कार्ड और गहने तौलने के दो कांटे भी बैग में मौजूद थे। कुल लूटी गई संपत्ति की कीमत करीब 1 लाख 5 हजार 500 रुपये बताई गई है।
घटना में रजत सोनी को कंधे, हाथ, पैर और जांघ में चोटें आई हैं, जबकि सुरेन्द्र सिंह के हाथ में चोट लगी है। फरियादी ने आरोपियों का हुलिया भी पुलिस को बताया है और पहचान करने की बात कही है।
घटना की सूचना पर घुनघुटी चौकी पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं घुनघुटी चौकी प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि मामला कायम कर लिया गया है तथा आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।


