---Advertisement---

बातों में उलझा सराफा कारोबारी, पीछे से उड़ा जेवरों से भरा थैला,रहठा बाजार में 6.83 लाख की चोरी से मचा हड़कंप

Tapas Gupta

By Tapas Gupta

Published on:

---Advertisement---

बातों में उलझा सराफा कारोबारी, पीछे से उड़ा जेवरों से भरा थैला,रहठा बाजार में 6.83 लाख की चोरी से मचा हड़कंप

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत ग्राम रहठा में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाजार के बीच एक सराफा व्यापारी की दुकान से सोना-चांदी से भरा थैला चोरी हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि दुकानदार को भनक तक नहीं लगी और चोर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पीड़ित व्यापारी मूल रूप से ग्राम ढोंडा, थाना शहपुरा, जिला डिंडोरी का निवासी है। वह प्रतिदिन रहठा आकर बुद्ध काछी के मकान में बर्तन और सोना-चांदी की दुकान चलाता है। रोज की तरह वह सोमवार को भी दुकान पर मौजूद था। शाम के समय दुकान बंद करने से पहले उसने सोना-चांदी के जेवर एक हरे-भूरे रंग के थैले में रखे और पीछे रखकर एक महिला ग्राहक से बातचीत करने लगा।

करीब तीन मिनट तक चली बातचीत के दौरान व्यापारी का ध्यान थैले की ओर नहीं गया। जब उसने वापस देखा तो थैला गायब था। अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी दौरान अज्ञात चोर ने मौके का फायदा उठाकर थैला चुरा लिया और बाजार की भीड़ में गुम हो गया।

चोरी गए थैले में करीब 25 ग्राम सोने के पुराने और नए आभूषण, जिनमें लॉकेट, नथ और कान के बाले शामिल थे, रखे थे। इनकी कीमत लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा करीब 5 किलो चांदी के जेवरात, जैसे पायल, छलबल, करधन, चूड़ियां, अंगूठी और बिछिया भी थैले में थे, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

इतना ही नहीं, थैले में तौलने का कांटा, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (मोबाइल नंबर 6263973743), चार्जर, डायरी, बिल बुक और एक लाल गमछा भी रखा था। कुल मिलाकर चोरी गए सामान की कीमत लगभग 6 लाख 83 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना के बाद व्यापारी ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के लोग, जिनमें कमलेश काछी सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे, मौके पर पहुंचे। इसके बाद व्यापारी ने अपने रिश्तेदारों को सूचना दी और साले कृष्ण कुमार साहू, भाई राजाराम साहू व बिहारी लाल साहू के साथ नौरोजाबाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

इस संबंध में नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेंद्र शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। जल्द ही चोरी का खुलासा करने की बात कही जा रही है।

Tapas Gupta

Tapas Gupta

मै तपस गुप्ता 9 सालों से लगातार पत्रकारिता मे सक्रिय हूं, समय पर और सटीक जानकारी उपलब्ध कराना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मो-7999276090

---Advertisement---
Share & Earn