जंगल में घात लगाए बैठा था मौत का शिकारी, लकड़ी लेने गए ग्रामीण को बना लिया शिकार
उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र के ग्राम चन्सुरा के जंगल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रोजमर्रा की तरह लकड़ी लेने जंगल गए एक ग्रामीण को अचानक मौत ने घेर लिया। टाइगर के हमले में 50 वर्षीय रज्जू कोल की मौके पर ही मौत हो गई।
रज्जू कोल, पिता पिटाई कोल, रविवार शाम करीब 4 बजे जंगल की ओर निकले थे। परिवार के लिए ईंधन जुटाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। लेकिन इस बार जंगल में उनका सामना एक खतरनाक शिकारी से हो गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह लकड़ी काट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे टाइगर ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला।
शाम ढलने तक जब रज्जू घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई। काफी देर बाद जंगल के भीतर उनका शव मिला, जिसे देखकर सभी सन्न रह गए। शरीर पर गहरे घाव और आसपास टाइगर के पंजों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और ग्रामीणों को जंगल में अकेले न जाने की सलाह दी है।
गांव में इस घटना के बाद डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से जंगल के आसपास टाइगर की हलचल बढ़ी थी ।


