अब दूर नहीं रेल का सपना,सीधी रेलवे स्टेशन निरीक्षण में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा का बड़ा बयान
सीधी जिलेवासियों के लिए बहुप्रतीक्षित रेलवे परियोजना अब अंतिम चरण में पहुंचती नजर आ रही है। मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सीधी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान रेलवे विभाग के अधिकारी सुबोध शुक्ला सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
जहा निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि रेलवे स्टेशन का अधिकांश निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और केवल कुछ अंतिम चरण के कार्य शेष हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं।
सीधी सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि सीधी जिले के लोगों का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने के करीब है। उन्होंने इस परियोजना को केवल एक यातायात सुविधा नहीं, बल्कि जिले के विकास, रोजगार और नई संभावनाओं का द्वार बताया। उनके अनुसार रेलवे कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।
जहा उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस दिन वे जिलेवासियों के साथ सीधी से पहली रेल यात्रा करेंगे, वह उनके जीवन के सबसे गर्वपूर्ण और यादगार क्षणों में से एक होगा। यह सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों और संघर्षों की जीत है।
वहीं अब स्थानीय ग्रामीण सचिन यादव ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पूरे क्षेत्र के लोग लंबे समय से ट्रेन सेवा का इंतजार कर रहे हैं और अब उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही यह सपना हकीकत में बदलेगा।
जहा कुल मिलाकर, सीधी रेलवे स्टेशन का तेजी से हो रहा निर्माण कार्य जिले के विकास की नई दिशा तय करता दिख रहा है और अब सभी की निगाहें उस ऐतिहासिक दिन पर टिकी हैं, जब सीधी की धरती पर पहली बार रेल की सीटी गूंजेगी।

