भवन के अभाव से जूझ रहा सांदीपनि विद्यालय मझौली
शैक्षणिक व अन्य व्यवस्था हो रही प्रभावित
संजय सिंह मझौली
जिले के नगर क्षेत्र मझौली स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (उत्कृष्ट) मझौली भवन के अभाव से जूझ रहा है जिस कारण एक तरफ जहां शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा है वहीं दूसरी तरफ अन्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
ज्ञात हो कि विद्यालय में लगभग 500 छात्र/छात्राएं कक्षा नवमी से 12वीं तक में अध्यनरत हैं लेकिन भवन के अभाव में विद्यालय दो पाली में संचालित होता है फिर भी छात्र संख्या के मान से कक्ष नहीं हैं जिस कारण जहां अधिकतम 40 की संख्या में बैठक व्यवस्था होनी चाहिए वह 50 की संख्या में बैठाना पड़ता है वहीं कई कक्षाएं टीन सेड के नीचे संचालित होती हैं जहां उमस भरी गर्मी में और लाइट कटौती के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई विद्यार्थियों को नहीं मिलती हैं वाहन सुविधा
दो पाली में विद्यालय संचालित होने के कारण दूर दराज के कई ग्रामों के छात्र-छात्राओं को वाहन की सुविधा नहीं मिल पाती है।
30 जुलाई तक मिल सकता है नवनिर्मित भवन का आधा हिस्सा
सूत्रों के मुताबिक विद्यालय की समस्या को देखते हुए संविदाकार द्वारा कहा गया है नवनिर्मित भवन का आधा हिस्सा विद्यालय को व्यवस्था के लिए दे दिया जाएगा।
शैक्षणिक व्यवस्था के दिख रहे शुभ संकेत
तमाम विपरीत परिस्थितियों के बीच प्रभार लेने के बाद प्राचार्य द्वारा किया जा रहा प्रयास शिक्षकों के साथ सामंजस्य एवं छात्र अभिभावकों के साथ सीधा संवाद एक बेहतर शैक्षणिक वातावरण बना रहा है जिस कारण पटरी से उतरी शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार दिख रहा है जो शुभ संकेत माना जा सकता है।

