टिकट के बाद अब संगठन से भी बाहर, नरोत्तम मिश्रा को BJP ने दिया बड़ा झटका
भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विधानसभा टिकट से दूरी के बाद अब बीजेपी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी उन्हें जगह नहीं मिली है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नई टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें मध्य प्रदेश के 8 बड़े नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। इनमें वीडी शर्मा समेत कई प्रमुख चेहरे शामिल हैं।
खास बात यह है कि दतिया उपचुनाव के दौरान नरोत्तम मिश्रा को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की अटकलें लगातार लगाई जा रही थीं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि पार्टी उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अहम भूमिका दे सकती है। लेकिन नई टीम के ऐलान के बाद इन अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।
क्या बदलेगा मिश्रा का सियासी कद?
राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नाम नहीं होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बीजेपी में नरोत्तम मिश्रा की आगे की भूमिका क्या होगी? लंबे समय तक मध्य प्रदेश सरकार में प्रभावशाली चेहरा रहे मिश्रा की संगठन में संभावित भूमिका को लेकर लगातार कयास लगाए जाते रहे हैं।
फिलहाल पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में उन्हें जगह नहीं मिलने से प्रदेश की राजनीति में इस फैसले के सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। टिकट से लेकर संगठन तक—क्या नरोत्तम मिश्रा के सियासी समीकरण बदल रहे हैं? यही सवाल अब बीजेपी की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।