जंगल में दर्दनाक हादसा,पलटी गाड़ी 11KV लाइन से टकराई, चालक जिंदा जला,वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला
एमपी के सीधी जिले के टिकरी-महुआगांव मार्ग के जंगल में बुधवार शाम करीब 4 बजे एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। मिली जानकारी के अनुसार राखड़ लेने जा रहा एक बलकार वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे 11 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। उस तार से संपर्क होते ही वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे चालक को संभलने या बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और वह जिंदा जल गया।
जहा मृतक की पहचान फूलचंद कोल, निवासी ग्राम बहेरा, थाना बहरी के रूप में हुई है, जो निगरी प्लांट से राखड़ परिवहन का कार्य करता था। यह हादसा जंगल के बीचों-बीच होने के कारण घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं लग सकी। काफी देर बाद एक राहगीर संतोष यादव ने जलते वाहन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह घटना तेजी से सामने आई।
इस घटना की सूचना मिलते ही टिकरी चेक पोस्ट प्रभारी प्रमोद द्विवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लोगो ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने और फिर हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से आग लगने की आशंका है। हालांकि वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है।
वही घटनास्थल पर ही चालक का शव पूरी तरह जल चुका था, जिससे पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था। उसके आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

