सर्पदंश से उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कुशमी (सीधी)। सीधी जिले के कुशमी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत करैल के मच्छरकटा निवासी एवं केशलार शासकीय उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन देवेंद्रनाथ यादव (38 वर्ष) का सर्पदंश से असामयिक निधन हो गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात देवेंद्रनाथ यादव भोजन करने के बाद अपने घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बिस्तर पर सोते समय उन्हें जहरीले सर्प ने डस लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरई लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मंगलवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, शुभचिंतक और परिचित शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
दिवंगत देवेंद्रनाथ यादव अपने पीछे दो बेटियां, एक बेटा तथा भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि शोकाकुल परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें कुछ राहत और संबल मिल सके।

