संयुक्त दबिश में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी चोट,आधी रात अभियान में पांच हाइवा जब्त, संलिप्तों पर सख्त कार्रवाई तय
एमपी के सीधी जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच हाइवा वाहनों को जब्त किया है। यह अभियान 17 और 18 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात संचालित किया गया, जिसमें खनिज विभाग और पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच कर नियमों की खुली अवहेलना को पकड़ा।
इस कार्रवाई उच्च स्तर के निर्देशों के तहत अंजाम दी गई। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में, जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन तथा खनि निरीक्षकों की अगुवाई में संयुक्त दल ने जिले के संवेदनशील मार्गों और ग्राम क्षेत्रों में चेकिंग की।
वही जांच के दौरान मड़वास तहसील के पथरौला ग्राम में तीन हाइवा वाहन रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। इनमें एक वाहन बिना नंबर प्लेट का था, जबकि अन्य दो वाहनों पर पंजीयन क्रमांक अंकित थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस चौकी पथरौला में खड़ा कराया।
जहा इसी क्रम में गोपद बनास तहसील के खाम्ह ग्राम में भी दो हाइवा वाहन अवैध रूप से रेत ढोते हुए पकड़े गए। इन वाहनों को भी जब्त कर थाना कोतवाली सीधी में सुरक्षित रखा गया है।
वही खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सभी वाहन स्वामियों और चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज (उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। प्रकरणों को नियमानुसार कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट वाले वाहन के मामले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई के लिए जिला परिवहन विभाग को सूचित किया गया है।
जहा प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत विवेचना के बाद प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े व्यक्तियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। कलेक्टर द्वारा जिला टास्क फोर्स की गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जा रही है और जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।

