कस्तूरबा बालिका छात्रावास मे बच्चियों से छत की सफाई और पानी की टंकी साफ कराने का वीडियो वायरल।
सीधी जिले के सेमरिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय छात्रावास का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्रावास की नौनिहाल बच्चियों को छात्रावास की छत पर झाड़ू लगाते तथा पानी की टंकी के अंदर उतरकर उसकी सफाई करते हुए देखा जा सकता है।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बच्चियों से इस प्रकार का कार्य कराना उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। विशेष रूप से पानी की टंकी के अंदर उतरकर सफाई कराना किसी भी अप्रिय घटना को निमंत्रण दे सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

