कुसमी हत्याकांड पर विधायक कुंवर सिंह टेकाम का कड़ा बयान, “ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य, आरोपी को मिले कठोर सजा”
एमपी सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या के बाद क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने कहा कि इस प्रकार की जघन्य घटनाएं समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक हैं और किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
वही विधायक कुंवर सिँह टेकाम ने घटना के संदर्भ में आरोपी लाला केवट का उल्लेख करते हुए बताया कि वह शुरू से ही नास्तिक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। उनके अनुसार, आरोपी पहले कमचड़ गांव का निवासी था, लेकिन उसकी गतिविधियों और व्यवहार के चलते ग्रामीणों ने उसे गांव से निकाल दिया था। करीब एक दशक पूर्व वह कुसमी में आकर बस गया, परंतु यहां भी उसकी हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। विधायक ने आरोप लगाया कि आरोपी कभी धार्मिक प्रतीकों का अपमान करता था तो कभी पूजा-पाठ करने वालों का विरोध करता था, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बना रहता था।
विधायक टेकाम ने यह भी कहा कि किसी को यह अंदेशा नहीं था कि आरोपी इस हद तक जा सकता है और हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “मैं इस घटना की घोर निंदा करता हूं और प्रशासन से मांग करता हूं कि आरोपी को कानून के तहत कठोर से कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।”
वही विधायक टेकाम ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने मामले को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। विधायक के अनुसार, मृतक एक सज्जन एवं सम्मानित व्यक्ति थे उनका किसी से कोई द्वेष नहीं था।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके और समाज में कानून के प्रति विश्वास बना रहे।

